माजवादी पार्टी (SP) के विधायक अबू आजमी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मुगल बादशाह औरंगजेब की तारीफ में की गई टिप्पणी के बाद उन्हें लगातार आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। अब ये विवाद न सिर्फ महाराष्ट्र बल्कि गोवा तक भी पहुंच चुका है।
परिवार पर बढ़ा खतरा: बहू आयशा टाकिया का बड़ा दावा
अबू आजमी की बहू और पूर्व एक्ट्रेस आयशा टाकिया ने दावा किया है कि गोवा में कुछ गुंडे उनके परिवार को लगातार निशाना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके पति अबू फरहान आजमी और बेटे को बुरी तरह धमकाया गया है। आयशा का आरोप है कि गोवा के कैंडोलिम इलाके में उनके पति के खिलाफ एक सुपरमार्केट विवाद को लेकर मामला दर्ज किया गया है।
विधानसभा सत्र से निलंबित हुए अबू आजमी
अबू आजमी को महाराष्ट्र विधानसभा के मौजूदा बजट सत्र के अंत तक निलंबित कर दिया गया है। वहीं, उनके बेटे फरहान आजमी पर उत्तरी गोवा के कैंडोलिम में सार्वजनिक स्थान पर विवाद करने के आरोप में केस दर्ज हुआ है।
‘गुंडों ने धमकाया और प्रताड़ित किया’: आयशा टाकिया
आयशा टाकिया ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा कर कहा कि उनके पति ने ही 100 नंबर डायल कर पुलिस को बुलाया था, लेकिन उल्टा उनके खिलाफ ही शिकायत दर्ज कर दी गई। उन्होंने लिखा, “आज सुबह तक ये हमारे परिवार के लिए एक भयावह रात थी। मेरे पति और बेटे को बुरी तरह धमकाया गया। वे अपनी जान को लेकर डरे हुए थे क्योंकि स्थानीय गुंडों ने उन्हें घेर लिया, धमकाया और घंटों तक प्रताड़ित किया।”
पुलिस पर भी मारपीट का आरोप
आयशा ने अपने पोस्ट में ये भी दावा किया कि स्थानीय गुंडों ने पुलिस के साथ भी मारपीट की। उन्होंने कहा कि उनके पति ने बेटे और खुद की सुरक्षा के लिए पुलिस को बुलाया था, लेकिन पुलिस ने भी उनके खिलाफ ही कार्रवाई कर दी। बता दें कि आयशा टाकिया बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्री रही हैं और उन्होंने ‘दिल मांगे मोर’, ‘सोचा ना था’, और ‘वांटेड’ जैसी फिल्मों में काम किया है।
‘गोवा में महाराष्ट्र के प्रति नफरत बढ़ी’
आयशा टाकिया ने ये भी कहा कि गोवा में महाराष्ट्र के प्रति नफरत बढ़ती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि फरहान और उनके बेटे को बार-बार महाराष्ट्र से जुड़ाव के कारण निशाना बनाया जा रहा है। आयशा ने ये भी कहा कि उनके पास सीसीटीवी फुटेज और अन्य वीडियो सबूत हैं, जिन्हें वे सही समय पर अधिकारियों के साथ साझा करेंगी।
‘हम कानून और न्याय व्यवस्था में विश्वास रखते हैं’
अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में आयशा ने लिखा कि उनका परिवार कानूनी एजेंसियों के साथ सहयोग कर रहा है और वे भारतीय न्याय व्यवस्था पर भरोसा रखते हैं। अब देखना होगा कि यह विवाद आगे क्या मोड़ लेता है और अबू आजमी व उनके परिवार को न्याय मिलता है या नहीं।
ये भी पढ़ें: नितेश राणे ने अबू आजमी को दी पाकिस्तान जाने की सलाह, तो राम कदम ने अफगानिस्तान की, जानें और किसने क्या कहा























