मुंबई: शहर के पायधुनी इलाके से सामने आए एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध मौत के मामले ने सनसनी फैला दी है। शुरुआती जानकारी में तरबूज खाने के बाद फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई थी, लेकिन अब तक की जांच में कोई ठोस कारण सामने नहीं आया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का दायरा बढ़ा दिया है और हर संभावित पहलू पर पड़ताल जारी है।
ये घटना घाटी गली, पायधुनी इलाके की बताई जा रही है, जहां इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में डर और चिंता का माहौल है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की अचानक मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं और पूरे मामले को रहस्यमय बना दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान उस व्यक्ति से भी पूछताछ की गई है, जिसने तरबूज बेचा था। हालांकि पूछताछ में उसके खिलाफ कोई संदिग्ध तथ्य सामने नहीं आया है। साथ ही, उसी क्षेत्र में अन्य किसी व्यक्ति द्वारा तरबूज खाने के बाद बीमार होने या फूड पॉइजनिंग की शिकायत भी दर्ज नहीं हुई है, जिससे ये मामला और जटिल हो गया है।
पुलिस का कहना है कि यदि ये सामान्य फूड पॉइजनिंग का मामला होता, तो आसपास के अन्य लोगों में भी ऐसे लक्षण देखने को मिलते। लेकिन ऐसा नहीं होने के कारण अब जांच एजेंसियां अन्य संभावनाओं पर भी ध्यान दे रही हैं, जिनमें खाद्य पदार्थ में मिलावट या किसी अन्य अज्ञात कारण की आशंका शामिल है।
मामले की सच्चाई जानने के लिए मृतकों के विसरा सैंपल को केमिकल एनालिसिस के लिए भेजा गया है। इसके साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है, जो इस पूरे मामले की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभाएगी।
फिलहाल पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले वैज्ञानिक रिपोर्ट्स का इंतजार किया जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर खाद्य सुरक्षा और सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़ें: शादी में हावरबोर्ड पर सर्विंग का वीडियो वायरल, लोगों ने बताया ‘अमीरी का दिखावा’




























