महाराष्ट्र के बारामती एयरफील्ड में रविवार दोपहर एक बार फिर बड़ा हादसा टल गया। ट्रेनिंग के दौरान एक ट्रेनर एयरक्राफ्ट रनवे से बाहर निकल गया। ये वही जगह है जहां करीब सात महीने पहले डिप्टी सीएम अजित पवार का प्लेन क्रैश हुआ था।
पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक (एसपी) संदीप सिंह गिल ने बताया कि एयरक्राफ्ट रनवे के आगे बनी पक्की सतह से दाईं ओर हट गया। घटना रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुई। इस पूरे मामले में किसी की मौत या चोट की कोई खबर नहीं है। प्लेन में सवार पायलट समेत दो लोग सुरक्षित हैं।
ये ट्रेनी एयरक्राफ्ट सेसना 172 (रजिस्ट्रेशन VT-SEX) था, जो कार्वर एविएशन कंपनी का है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि एयरक्राफ्ट में कोई तकनीकी खराबी थी या कोई और समस्या, इस पर अभी टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी। जांच जारी है। एसपी संदीप सिंह गिल ने भी इसकी पुष्टि की है।
बारामती एयरस्ट्रिप पर पिछले 8 महीने में ये तीसरी बार है जब प्लेन लैंडिंग के दौरान तकनीकी समस्या आई है।
सात महीने पहले अजित पवार का हादसा
बता दें कि बारामती के इसी एयरस्ट्रिप पर जनवरी में एनसीपी नेता अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी। उनका लियरजेट 45 एयरक्राफ्ट लैंडिंग की दूसरी कोशिश के दौरान क्रैश हो गया था। इस हादसे में उनके सिक्योरिटी ऑफिसर, एक अटेंडेंट के साथ ही दो क्रू मेंबर – पायलट सुमित कपूर और फर्स्ट ऑफिसर शांभवी पाठक – की मौत हो गई थी।
एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो इस हादसे की जांच कर रहा है। फाइनल जांच रिपोर्ट जनवरी में आने की उम्मीद है। ये लियरजेट 45 प्राइवेट चार्टर प्लेन वीएसआर वेंचर्स का था।
13 मई को भी बचा था हादसा
13 मई को भी बारामती में एक अन्य प्राइवेट कंपनी का ट्रेनर एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया था। वो रेडबर्ड फ्लाइट ट्रेनिंग एकेडमी का था, जो बारामती एयरस्ट्रिप के पास काम करती है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान अपेक्षाकृत कम ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी उसमें तकनीकी खराबी आ गई। गोजुबावी गांव के पास हुई क्रैश लैंडिंग के दौरान जमीन से टकराने से पहले विमान का एक हिस्सा कथित तौर पर एक लाइट पोल से टकराया था। उसमें सवार एक ट्रेनी पायलट की जान बच गई थी। उस घटना की जांच भी शुरू कर दी गई थी।
बारामती एयरफील्ड पर बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और संबंधित एजेंसियां मौजूदा घटना की जांच कर रही हैं।
ये भी पढ़ें: रूस से सस्ता तेल खरीदना पड़ सकता है महंगा, अमेरिकी सीनेट में 100% टैरिफ बिल हुआ पास




























