महाराष्ट्र

पुणे में ‘Made in Pakistan’ टैग वाली बेडशीट मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस और प्रशासन ने शुरू की जांच

Pakistan
Image Source - Web

महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ क्षेत्र में एक बेडशीट पर ‘Made in Pakistan’ लिखा टैग मिलने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। एक स्थानीय महिला द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

महिला का दावा है कि उसने ये बेडशीट चिंचवड़ स्थित मोरया गोसावी मंदिर परिसर के पास आयोजित संकष्टी चतुर्थी मेले से खरीदी थी। खरीदारी के समय उसे किसी तरह की कोई संदिग्ध बात नजर नहीं आई, लेकिन घर पर बेडशीट धोने के बाद उस पर लगा लेबल देखकर वो हैरान रह गई। टैग पर स्पष्ट रूप से ‘Made in Pakistan’ लिखा हुआ था।

इसके बाद महिला ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर सवाल उठाया कि पाकिस्तान में निर्मित उत्पाद स्थानीय बाजारों और धार्मिक मेलों तक कैसे पहुंच रहे हैं। वीडियो सामने आते ही ये मामला तेजी से चर्चा में आ गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उत्पाद की वास्तविक उत्पत्ति, उसकी सप्लाई चेन और विक्रेता तक पहुंचने के लिए एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया है। टीम ये पता लगाने का प्रयास कर रही है कि संबंधित बेडशीट मेले तक किस माध्यम से पहुंची और क्या इसके पीछे कोई बड़ा वितरण नेटवर्क सक्रिय है।

पुलिस ने पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम को भी पत्र लिखकर मेले और स्थानीय बाजारों में बेचे जा रहे उत्पादों की जांच करने तथा नियमों के उल्लंघन की स्थिति में उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

गौरतलब है कि हाल ही में महाराष्ट्र के संभाजीनगर जिले में भी ‘Made in Pakistan’ लेबल वाले कॉस्मेटिक उत्पाद बेचने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। ऐसे में पुणे का ये मामला भी जांच एजेंसियों के लिए महत्वपूर्ण बन गया है।

फिलहाल अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही ये स्पष्ट हो सकेगा कि बेडशीट वास्तव में पाकिस्तान में निर्मित थी या केवल उस पर ऐसा लेबल लगाया गया था। साथ ही ये भी पता लगाया जाएगा कि उत्पाद बाजार तक कैसे पहुंचा और इसमें किन लोगों की भूमिका रही।

ये भी पढ़ें: पाकिस्तान से मैसेज, चैट्स डिलीट! महाराष्ट्र ATS ने श्रीरामपुर में की बड़ी छापेमारी, कई मोबाइल जब्त

You may also like