मुंबई

मुंबई पुलिस ने 17 साल पुराने हत्याकांड का किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

मुंबई पुलिस
Image Source - Web

मुंबई पुलिस के डिटेक्शन स्टाफ ने 17 साल पुराने हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में 47 वर्षीय राजीब कालू हाजी शेख को गिरफ्तार किया गया है। ये गिरफ्तारी दिशा पुनर्वास केंद्र से हुई, जहां वो कई सालों से रह रहा था।

क्या है पूरा मामला?
ये मामला साल 2007 का है, जब आरोपी राजीब शेख ने अपने बिजनेस पार्टनर नीलांचल पाणिग्रही की हत्या कर दी थी। घटना गणेश मूर्ति नगर, मुंबई में पाणिग्रही के घर पर हुई थी। दोनों पेंटिंग कॉन्ट्रैक्ट के बिजनेस में साझेदार थे।

वारदात के दिन, आरोपी और मृतक ने साथ में शराब पी। इसी दौरान पैसों को लेकर विवाद बढ़ा और शेख ने गुस्से में पाणिग्रही के पेट में चाकू मार दिया। घटना के समय पाणिग्रही की पत्नी घर पर मौजूद थीं और उन्होंने तुरंत अपने पति को सेंट जॉर्ज अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, घायल पाणिग्रही ने अगले दिन 16 अक्टूबर को दम तोड़ दिया।

आरोपी 17 साल से था फरार
हत्या के बाद से ही राजीब शेख फरार था। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए 2007, 2008 और 2020 में कई प्रयास किए, लेकिन हर बार असफल रही। आखिरकार, 2024 में चौथी कोशिश में पुलिस को सफलता मिली। कफ परेड पुलिस की टीम ने बड़ी सूझबूझ के साथ आरोपी को दिशा पुनर्वास केंद्र से गिरफ्तार किया।

ये भी पढ़ें: बांग्लादेश में हिंदू पुजारी चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ्तारी को लेकर शेख हसीना का बयान हुआ वायरल, जानें क्या कहा पूर्व पीएम ने?

राजीब शेख मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद का रहने वाला है। वो शराब का आदी था और वारदात के बाद अलग-अलग जगह छिपकर अपनी पहचान बदलकर रह रहा था।

पुलिस की मेहनत रंग लाई
इस मामले को सुलझाने में कफ परेड पुलिस की डिटेक्शन टीम ने अहम भूमिका निभाई। उनकी वर्षों की मेहनत और लगातार प्रयास के चलते आखिरकार न्याय के लिए ये बड़ा कदम उठाया जा सका।

मुंबई पुलिस की इस कामयाबी ने साबित कर दिया कि न्याय में देरी हो सकती है, लेकिन इसे टाला नहीं जा सकता। इस मामले में पुलिस की सफलता एक बड़ी प्रेरणा है और अपराधियों के लिए सख्त चेतावनी।

ये भी देखें:

You may also like