मुंबई के भिंडी बाजार इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों की रहस्यमयी मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआती तौर पर इसे फूड पॉइजनिंग का मामला माना जा रहा था, लेकिन अब फॉरेंसिक जांच में सामने आया है कि मृतकों के शरीर में जिंक फॉस्फाइड (Zinc Phosphide) नामक जहरीला पदार्थ पाया गया है। ये रसायन आमतौर पर चूहे मारने की दवा में इस्तेमाल किया जाता है।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, जिस तरबूज को खाने के बाद परिवार की तबीयत बिगड़ी थी, उसके नमूनों में भी जिंक फॉस्फाइड के अंश मिले हैं। इस खुलासे के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।
11 दिन की जांच के बाद सामने आई सच्चाई
ये सनसनीखेज मामला 26 अप्रैल का है, जब डोकाडिया परिवार के 4 सदस्यों की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। कुछ ही घंटों के भीतर परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतकों की पहचान:
- अब्दुल्ला डोकाडिया (44)
- पत्नी नसरीन डोकाडिया (35)
- बेटी आयेशा (16)
- बेटी झैनब (13)
बताया गया कि परिवार ने एक रात पहले तरबूज खाया था, जिसके बाद सभी को उल्टी और बेचैनी की शिकायत होने लगी। हालत बिगड़ने पर उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई।
तरबूज के सैंपल में मिला जहर
फॉरेंसिक लैब में जांच के लिए भेजे गए तरबूज के नमूनों में भी जिंक फॉस्फाइड के अंश पाए गए हैं। यही कारण माना जा रहा है कि परिवार के सदस्यों की तबीयत अचानक गंभीर रूप से बिगड़ गई।
जिंक फॉस्फाइड एक खतरनाक जहरीला रसायन है, जिसका इस्तेमाल चूहों को मारने वाली दवाओं में किया जाता है। शरीर में पहुंचने पर यह तेजी से असर करता है और गंभीर विषाक्तता पैदा कर सकता है।
पुलिस जांच में क्या सामने आया?
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब तक की जांच में किसी भी आपराधिक साजिश या बाहरी हस्तक्षेप के सबूत नहीं मिले हैं। फिलहाल ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जहर तरबूज में कैसे पहुंचा।
जांच एजेंसियां अब इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि क्या तरबूज गलती से दूषित हुआ था? या फिर किसी अन्य कारण से उसमें जहरीला पदार्थ पहुंचा? मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
इलाके में फैली दहशत
एक ही परिवार के चार लोगों की मौत की खबर से भिंडी बाजार इलाके में डर और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग भी खाद्य सुरक्षा को लेकर सतर्क हो गया है।
ये मामला एक बार फिर खाने-पीने की वस्तुओं की सुरक्षा और जांच को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
ये भी पढ़ें: सतना जेल की अनोखी लव स्टोरी: लेडी जेलर को कैदी से हुआ प्यार, फिर रचाई शादी



















