महाराष्ट्र

ठाणे में इमारत ढहने से महिला की मौत, बहू गंभीर रूप से घायल

ठाणे
Image Source - Web

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मुंब्रा इलाके में सोमवार देर रात एक चार मंजिला इमारत का हिस्सा गिरने से 62 वर्षीय महिला की मौत हो गई और उसकी 26 वर्षीय बहू गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना दौलत नगर स्थित लकी कंपाउंड के डी-विंग में रात 12:36 बजे हुई, जब इमारत की एक दीवार का हिस्सा सड़क पर गुजर रही महिलाओं पर गिर गया।

मृतक का नाम नाहिद जैनुद्दीन जमाली और घायल का नाम इल्मा जेहरा जमाली बताया गया है। घायल महिला का इलाज कलसेकर अस्पताल में चल रहा है। ये इमारत लगभग 25 साल पुरानी थी और महानगरपालिका ने इसे ‘सी2बी’ श्रेणी के खतरनाक मकान के रूप में घोषित किया है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मुंब्रा वार्ड समिति, अग्निशमन विभाग और आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। खतरनाक हिस्से को सुरक्षा कारणों से हटा दिया गया और इमारत को सील कर दिया गया। निवासियों ने रिश्तेदारों के पास रहने की वैकल्पिक व्यवस्था कर ली है।

लकी कंपाउंड में इमारत ढहने की ये दूसरी बड़ी घटना है। अप्रैल 2013 में इसी कंपाउंड में इमारत गिरने से 74 लोगों की मौत हुई और 60 से अधिक लोग घायल हुए थे। इस घटना ने फिर से ये सवाल उठाया है कि पुरानी इमारतों की सुरक्षा और समय पर मरम्मत को लेकर प्रशासनिक कदम कितने प्रभावी हैं।

ये भी पढ़ें: AI Art Exhibition Opened: मुंबई में एआई से बने महापुरुषों के चित्रों की अनोखी प्रदर्शनी, शेलार ने किया उद्घाटन

You may also like