मुंबई: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) में मचे आंतरिक घमासान के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। पार्टी की कद्दावर नेता और प्रदेश महिला अध्यक्ष रुपाली चाकणकर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। महाराष्ट्र की राजनीति में इस इस्तीफे को एक बड़े घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि पिछले कुछ समय से चाकणकर लगातार विवादों के घेरे में थीं।
सुनेत्रा पवार की बैठक और इस्तीफे का दबाव
पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह निर्णय मंगलवार को हुई एक महत्वपूर्ण बैठक के बाद लिया गया। इस बैठक में राकांपा (अजित) की प्रमुख सुनेत्रा पवार ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ चाकणकर के भविष्य को लेकर लंबी चर्चा की थी। माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व ने संगठन की छवि बचाने के लिए चाकणकर को पद छोड़ने का संकेत दिया था, जिसके तुरंत बाद उन्होंने अपना त्यागपत्र सौंप दिया।
विवादित तांत्रिक खरात से ‘कनेक्शन’ बना मुसीबत
हालांकि आधिकारिक तौर पर इस्तीफे का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा आम है कि नाशिक के दुष्कर्मी और ढोंगी तांत्रिक अशोक खरात के साथ उनके कथित संबंधों ने पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी थीं। खरात पर यौन शोषण और धोखाधड़ी के गंभीर आरोप हैं और वह वर्तमान में एसआईटी (SIT) की गिरफ्त में है। इस विवाद के कारण विपक्ष लगातार सरकार और पार्टी को घेर रहा था।
एक पंक्ति का त्यागपत्र और राजनीतिक मायने
रुपाली चाकणकर ने बेहद संक्षिप्त शब्दों में अपना इस्तीफा अध्यक्ष सुनेत्रा पवार को भेजा है। उन्होंने लिखा, “मैं अपने राष्ट्रवादी महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रही हूं, कृपया इसे स्वीकार करें।” गौर करने वाली बात यह है कि चाकणकर इससे पहले भी एक महत्वपूर्ण पद से इस्तीफा दे चुकी हैं। लगातार दो पदों से उनका हटना उनके राजनीतिक करियर पर बड़े सवालिया निशान खड़े कर रहा है।

पार्टी के भीतर बढ़ती हलचल
चाकणकर के इस्तीफे के बाद अब यह सवाल उठ रहा है कि महिला प्रदेश अध्यक्ष की कमान किसे सौंपी जाएगी? महायुति गठबंधन के भीतर भी इस घटनाक्रम को लेकर सुगबुगाहट तेज है। जानकारों का मानना है कि आगामी चुनावों को देखते हुए सुनेत्रा पवार किसी भी विवादित चेहरे को पद पर बनाए रखने का जोखिम नहीं लेना चाहती थीं।
ये भी पढ़ें: युद्ध की मार और सरकार का ‘मास्टरस्ट्रोक’: पेट्रोल-डीजल पर ₹10 की भारी कटौती, एक्साइज ड्यूटी घटाकर दी बड़ी राहत































