मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकॉक से लौट रही 29 वर्षीय मॉडल और ‘मिसेज केरल ग्लोबल 2025’ की रनर-अप हर्षा सनी को करीब 11.82 करोड़ रुपये मूल्य की हाइड्रोपोनिक वीड (उच्च गुणवत्ता वाला गांजा) के साथ गिरफ्तार किया है। मामले में उन्हें एनडीपीएस कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
ट्रॉली बैग से मिले 12 वैक्यूम-सील पैकेट
कस्टम अधिकारियों के अनुसार, हर्षा सनी 10 और 11 जून की रात एयर इंडिया की फ्लाइट TG-351 से बैंकॉक से मुंबई पहुंची थीं। संदेह के आधार पर उनकी तलाशी ली गई, जिसमें ट्रॉली बैग से 12 वैक्यूम-सील पैकेट बरामद हुए। जांच के दौरान इनमें हरे रंग का संदिग्ध पदार्थ मिला, जो एनडीपीएस परीक्षण किट से जांच में हाइड्रोपोनिक वीड यानी कैनबिस की सूखी फूल और फलयुक्त कलियां निकलीं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 11.82 करोड़ रुपये
कस्टम विभाग के मुताबिक बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन करीब 12 किलोग्राम है और इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 11 करोड़ 82 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। अधिकारियों का आरोप है कि हर्षा सनी इस ड्रग्स की तस्करी में शामिल थीं।
हर्षा सनी ने खुद को बताया निर्दोष
पूछताछ के दौरान हर्षा सनी ने दावा किया कि बैंकॉक यात्रा के दौरान एक व्यक्ति से उनकी दोस्ती हुई थी, जिसने उन्हें भारत तक एक बैग लाने के लिए कहा था। उनका कहना है कि उन्हें बैग में रखे सामान के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।
उनके वकील प्रभाकर त्रिपाठी ने भी अदालत में दलील दी कि उनकी मुवक्किल को बैग में मौजूद ड्रग्स की जानकारी नहीं थी और ये मामला संगठित तस्करों द्वारा किसी अनजान यात्री का इस्तेमाल करने का प्रतीत होता है।
प्राइवेट बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर हैं हर्षा सनी
29 वर्षीय हर्षा सनी एक निजी बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। इसके अलावा वह मॉडलिंग की दुनिया में भी सक्रिय हैं और मई 2025 में आयोजित ‘मिसेज केरल ग्लोबल’ प्रतियोगिता में रनर-अप रह चुकी हैं।
बैंकॉक बना हाइड्रोपोनिक वीड तस्करी का बड़ा केंद्र
कस्टम अधिकारियों के अनुसार, दक्षिण-पूर्व एशिया का शहर बैंकॉक हाइड्रोपोनिक वीड की तस्करी का एक बड़ा केंद्र बन चुका है। यहां से भारत समेत कई देशों में इस उच्च गुणवत्ता वाले गांजे की तस्करी की जाती है। फिलहाल कस्टम विभाग इस मामले में अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क और अन्य संभावित कड़ियों की जांच में जुटा है।
ये भी पढ़ें: 58 साल के दलेर मेहंदी करेंगे एक्टिंग डेब्यू, इस फिल्म से बॉलीवुड में होगी नई शुरुआत




























