मुंबई की जीवनरेखा कही जाने वाली लोकल ट्रेन सेवा में मंगलवार दोपहर एक गंभीर लापरवाही सामने आई, जब गलत सिग्नल के कारण दो ट्रेनें एक ही प्लेटफॉर्म पर आमने-सामने आ गईं। ये घटना छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) पर हुई, जहां स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई, हालांकि ड्राइवर की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
कैसे हुआ पूरा मामला?
मध्य रेलवे के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 3:15 बजे बदलापुर जाने वाली लोकल ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर जाना था, लेकिन सिग्नल सिस्टम की गलती के कारण ट्रेन को गलती से प्लेटफॉर्म नंबर 5 की ओर निर्देशित कर दिया गया। समस्या तब गंभीर हो गई जब प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर पहले से ही खोपोली जाने वाली एक लोकल ट्रेन खड़ी थी।
समय रहते रोकी गई ट्रेन, टला हादसा
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) के अनुसार, ट्रेन ने सीएसएमटी का होम सिग्नल पार कर लिया था, लेकिन प्लेटफॉर्म से लगभग 270 मीटर पहले इंटरनल होम सिग्नल लाल होने पर ड्राइवर ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन रोक दी। उस समय दोनों ट्रेनों के बीच दूरी करीब 130 मीटर रह गई थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सेवा पर पड़ा असर
इस तकनीकी और मानवीय चूक के कारण मुख्य लाइन पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। प्लेटफॉर्म नंबर 5 से 8 तक की सेवाओं को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। बाद में बदलापुर ट्रेन को पीछे ले जाकर सही ट्रैक पर भेजा गया, लेकिन इस दौरान कई लोकल ट्रेनें देरी से चलीं।
स्टेशन मास्टर सस्पेंड, जांच के आदेश
घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित स्टेशन मास्टर को निलंबित कर दिया है। मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है ताकि ये पता लगाया जा सके कि सिग्नल सिस्टम में चूक कैसे हुई।
लगातार दूसरे दिन बाधित हुई लोकल सेवा
ये घटना ऐसे समय में हुई है जब एक दिन पहले ही ठाणे के डोंबिवली स्टेशन के पास एक खाली ट्रेन का डिब्बा पटरी से उतर गया था, जिससे लोकल सेवाएं घंटों बाधित रहीं। लगातार दो दिनों से हो रही इन घटनाओं ने मुंबई लोकल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़ें: LPG गैस को लेकर अफवाहों के बीच सरकार का बड़ा खुलासा: सप्लाई, बुकिंग और डिलीवरी पर दी पूरी जानकारी

























