मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पूर्व भारतीय क्रिकेटर और वर्तमान सांसद Yusuf Pathan के ससुर और साले को मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। ये पूरा विवाद एक मामूली घटना से शुरू होकर हिंसक झड़प में बदल गया।
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब सड़क पर जमा पानी एक गुजरती कार की वजह से उछलकर शिकायतकर्ता पर गिर गया। इस छोटी सी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान पठान के साले शोएब खान ने शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की।
शिकायतकर्ता यूसुफ खान ने बताया कि उन्होंने इस घटना के तुरंत बाद माफी भी मांगी थी, लेकिन विवाद बढ़ता गया। उनका आरोप है कि शोएब खान ने न केवल उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, बल्कि बांस के डंडे से उनकी कार का शीशा भी तोड़ दिया और उनके साथ हाथापाई की।
मामला यहीं नहीं रुका। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वो पुलिस में शिकायत दर्ज कराने जा रहे थे, तब Yusuf Pathan के ससुर खालिद खान और अन्य रिश्तेदारों ने मिलकर उन पर दोबारा हमला किया। इस दौरान बेसबॉल बैट और बांस के डंडों से मारपीट की गई, जिससे उनके परिवार के एक सदस्य का हाथ टूट गया और अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में खालिद खान, उनके बेटे और अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 2 मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एक मामूली सड़क विवाद कैसे गंभीर हिंसा में बदल सकता है, ये घटना इसका उदाहरण है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।
ये भी पढ़ें: भरी महफिल में क्यों रो पड़े Riteish Deshmukh और Genelia? वजह कर देगी इमोशनल




















