महाराष्ट्र

गढ़चिरोली में दिल दहला देने वाली घटना: मजदूरी पर गए माता-पिता, 10 वर्षीय बच्चे ने घर में कर ली आत्महत्या

गढ़चिरोली
Image Source - Web

महाराष्ट्र के गढ़चिरोली जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। आरमोरी तालुका के कोजबी गांव में चौथी कक्षा में पढ़ने वाले 10 वर्षीय मासूम बच्चे ने कथित तौर पर घर में आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है।

माता-पिता मजदूरी पर गए थे बाहर

मृतक बच्चे की पहचान संस्कार विनोद कन्नाके के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, संस्कार के माता-पिता रोज़गार के सिलसिले में तेलंगाना राज्य गए हुए थे। माता-पिता की गैरमौजूदगी में संस्कार पिछले कुछ दिनों से घर में अकेला रह रहा था। रविवार शाम को जब घर में कोई मौजूद नहीं था, उसी दौरान ये दुखद घटना घटित हुई।

गांव में पसरा मातम

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत आरमोरी पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना के बाद कोजबी गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि संस्कार एक शांत और सामान्य स्वभाव का बच्चा था, जिससे ये घटना और भी अधिक चौंकाने वाली बन गई है।

आत्महत्या के कारणों पर सस्पेंस

फिलहाल इस आत्महत्या के पीछे का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ पाया है। पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु का केस दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान ये जानने की कोशिश की जा रही है कि क्या बच्चे पर किसी तरह का मानसिक दबाव था, स्कूल से जुड़ी कोई परेशानी थी, माता-पिता की अनुपस्थिति के कारण अकेलापन उसे प्रभावित कर रहा था, या फिर पारिवारिक-आर्थिक हालात ने उसके मन पर गहरा असर डाला।

पुलिस कर रही हर पहलू की जांच

आरमोरी पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। बच्चे के रिश्तेदारों, पड़ोसियों और स्कूल से जुड़े लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके।

ये हृदयविदारक घटना न केवल एक परिवार के लिए, बल्कि पूरे समाज के लिए गंभीर सोच का विषय बन गई है। कम उम्र में इस तरह की घटना ने बच्चों की मानसिक स्थिति, पारिवारिक सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारियों पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ये भी पढ़ें: पिंपरी-चिंचवड: हफ्ता वसूली से परेशान महिला टपरी चालक ने पुलिस के सामने की आत्मदाह की कोशिश

You may also like