महाराष्ट्र

महाराष्ट्र: नालासोपारा में मानसिक रूप से अस्वस्थ भाई ने बहन की कोयते से की हत्या, मां को भी किया घायल

नालासोपारा
Image Source - Web

महाराष्ट्र के पालघर जिले के नालासोपारा इलाके से मंगलवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई। नालासोपारा पूर्व (ईस्ट) स्थित टाकी रोड की सर्वोदय कॉलोनी में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक ने अपनी ही बहन पर कोयते (दरांती) से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची मां पर भी आरोपी ने वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।

ये घटना मंगलवार सुबह करीब 5:00 से 5:30 बजे के बीच की बताई जा रही है।

घरेलू विवाद ने लिया हिंसक रूप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सर्वोदय कॉलोनी की साईधाम वेलफेयर चॉल में 35 वर्षीय सुप्रिया कनाडे रहती थीं। उनके पति गांव गए हुए थे, जिसके चलते वो घर पर अकेली थीं। पास में ही उनकी मां और 40 वर्षीय भाई अजीत मालुश्ते रहते थे।

मंगलवार सुबह किसी बात को लेकर भाई-बहन के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आकर अजीत ने घर में रखे कोयते से सुप्रिया पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

गर्दन और सीने पर किए कई वार

हमले के दौरान आरोपी ने सुप्रिया की गर्दन और सीने पर कई गंभीर वार किए। खून से लथपथ होकर वो मौके पर ही गिर पड़ीं। शोर सुनकर उनकी मां मौके पर पहुंचीं और झगड़ा रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया।

मां को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें तुरंत नगर निगम के अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, सुप्रिया की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

आरोपी की मानसिक स्थिति पर सवाल

स्थानीय निवासी महेंद्र कदम ने बताया कि जब वो सुबह करीब 5:30 बजे घटनास्थल पर पहुंचे, तब सुप्रिया खून से लथपथ पड़ी थीं। उन्होंने ये भी बताया कि आरोपी युवक मानसिक रूप से बीमार है और उसका इलाज चल रहा था।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, अजीत मालुश्ते मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसका उपचार जारी था। हालांकि, घटना के पीछे का वास्तविक कारण क्या था, इसकी जांच की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही तुलिंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी अजीत मालुश्ते को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की मानसिक स्थिति, पारिवारिक विवाद और घटना के अन्य पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।

इलाके में दहशत का माहौल

इस घटना के बाद सर्वोदय कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार में पहले कभी इस तरह की हिंसक घटना की जानकारी सामने नहीं आई थी।

फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और मां के स्वास्थ्य पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।

ये भी पढ़ें: Black market for wombs: बदलापुर में ‘स्त्री-बीज’ की अवैध खेती का भंडाफोड़, 20 से अधिक महिलाएं शिकार

You may also like