मुंबई

मुंबई में LPG सिलेंडर की कालाबाजारी का बड़ा खुलासा, 40 लाख से ज्यादा का माल जब्त

LPG
Image Source - Web

देशभर में LPG सिलेंडर की बढ़ती मांग और संभावित कमी के बीच मुंबई में कालाबाजारी का एक बड़ा मामला उजागर हुआ है। राशनिंग विभाग की टीम ने शहर के डोंगरी इलाके में छापेमारी कर अवैध रूप से सिलेंडर जमा करने और उनकी सप्लाई करने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ किया।

ये कार्रवाई राशनिंग नियंत्रक एवं नागरिक आपूर्ति निदेशक चंद्रकांत डांगे को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तुरंत विशेष निर्देश जारी किए, जिसके बाद विभाग की फ्लाइंग स्क्वॉड टीम ने सुनियोजित तरीके से ऑपरेशन को अंजाम दिया।

छापेमारी के दौरान वाड़ी बंदर ब्रिज के पास 8 संदिग्ध वाहनों को रोका गया और उनकी तलाशी ली गई। जांच में इन वाहनों से कुल 451 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए। जब्त किए गए सिलेंडरों और वाहनों की कुल कीमत करीब 40.61 लाख रुपये आंकी गई है।

प्राथमिक जांच में ये सामने आया है कि इन सिलेंडरों को बिना किसी वैध दस्तावेज के एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इनका इस्तेमाल कालाबाजारी या अवैध आपूर्ति के लिए किया जाना था। इस मामले में पुलिस मुंबई ने केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

हाल ही में पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण देश में एलपीजी की आपूर्ति को लेकर दबाव बढ़ा है। भारत अपनी कुल LPG खपत का लगभग 60 प्रतिशत आयात करता है, जिसमें से करीब 90 प्रतिशत आपूर्ति होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते होती है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय हालात का सीधा असर घरेलू बाजार पर पड़ रहा है।

स्थिति को संभालने के लिए केंद्र सरकार ने ऑयल रिफाइनरियों को LPG उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इसके चलते घरेलू उत्पादन में लगभग 25 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है।

सरकार की अपील
सरकार ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे घबराहट में आकर अनावश्यक रूप से सिलेंडर बुक न करें। साथ ही, जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्ती से नजर रखी जा रही है, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र में पुजारियों के लिए बड़ा फैसला, अब हर महीने मिलेगी सैलरी और बहुत कुछ

You may also like