ठाणे में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पुलिस ने एक आदमी को गिरफ्तार किया है जिसने बेवफाई के शक में अपनी ही बीवी को मार डाला और फिर लाश को छुपाने की कोशिश की।
पुलिस के मुताबिक, मृतक महिला का नाम ज्योत्सना शेलार था और वो अंबरनाथ इलाके की रहने वाली थी। वो 5 मार्च से गायब थी और उसके घरवालों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने जांच शुरू की तो पति दिगंबर शेलार पर शक हुआ। कड़ी पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और पुलिस को बताया कि उसने लाश को भी ठिकाने लगा दिया है।
पुलिस को दिए बयान के अनुसार, शादी के कुछ महीने बाद ही पति को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक होने लगा था। इसी बात को लेकर दोनों में अक्सर झगड़ा होता रहता था। पत्नी भी परेशान होकर अपने मायके चली गई थी। 5 मार्च को पति अपनी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने गांव ले गया और वहीं गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने एक पुराने, खाली घर में गड्ढा खोदा और लाश को दफना दिया।
पुलिस ने 12 दिन बाद आरोपी की निशानदेही पर लाश को जमीन से बाहर निकाला। लाश को पोस्टमार्टम के लिए मुंबई के जेजे अस्पताल भेज दिया गया है। आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।