पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में अब पीड़ित परिवार ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से न्याय की गुहार लगाई है। केतन अग्रवाल की मां राखी अग्रवाल ने प्रधानमंत्री को एक भावुक पत्र लिखकर अपने बेटे के लिए जल्द न्याय दिलाने और आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की अपील की है। उनका कहना है कि वो किसी विशेष सहानुभूति या रियायत की मांग नहीं कर रहीं, बल्कि केवल ये चाहती हैं कि उनके बेटे की हत्या के दोषियों को कानून के अनुसार सख्त सजा मिले और मामले की सुनवाई तेजी से पूरी हो।
मां ने पत्र में बयां किया अपना दर्द
प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में राखी अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन उन्हें अपने ही बेटे के लिए न्याय मांगने के लिए देश के प्रधानमंत्री को पत्र लिखना पड़ेगा। उन्होंने लिखा कि हर मां की तरह उन्होंने भी अपने बेटे को शादी करते, परिवार बसाते और अपने साथ जीवन बिताते देखने का सपना देखा था, लेकिन उन्हें अपने ही बेटे का अंतिम संस्कार करना पड़ा। उन्होंने लिखा कि उनके परिवार की पूरी दुनिया उजड़ गई है और न्याय मिलने तक उनका दर्द कम नहीं होगा।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस जांच के अनुसार, पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की 18 जून को पुणे के पास स्थित लोहगढ़ किले के क्षेत्र में कथित रूप से हत्या कर दी गई थी। जांच एजेंसियों का आरोप है कि इस वारदात में उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौहान की भूमिका सामने आई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और डिजिटल सबूतों के आधार पर केस को मजबूत करने में जुटी हुई है।
परिवार ने की फास्ट-ट्रैक सुनवाई की मांग
राखी अग्रवाल ने अपने पत्र में प्रधानमंत्री से अनुरोध किया है कि इस मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में कराई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके। उनका कहना है कि न्याय में देरी से परिवार का दर्द और बढ़ता जा रहा है। उन्होंने आरोपियों को कानून के तहत सबसे कठोर सजा दिए जाने की भी मांग की है।
पहले राष्ट्रपति से भी लगाई जा चुकी है गुहार
केतन अग्रवाल के परिवार की ओर से इससे पहले भी देश के सर्वोच्च संवैधानिक पदों तक न्याय की मांग पहुंचाई जा चुकी है। हाल ही में केतन के पिता ने भी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष जांच और शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने की अपील की थी। अब मां द्वारा प्रधानमंत्री को लिखा गया ये भावुक पत्र इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में परिवार की बढ़ती पीड़ा और न्याय की उम्मीद को दर्शाता है।
जांच पर टिकी सबकी नजर
फिलहाल पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है। इस हत्याकांड ने पूरे महाराष्ट्र में व्यापक चर्चा छेड़ दी है। अब पीड़ित परिवार को उम्मीद है कि जांच जल्द पूरी होगी, अदालत में सुनवाई तेज होगी और दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा मिलेगी।




























