Mumbai Train Accident: मुंबई में सोमवार को हुए एक दर्दनाक रेल हादसे ने बुलढाणा जिले के जुमडा गांव को शोक में डुबो दिया। सरकारी रेलवे पुलिस के 32 वर्षीय जवान विकी बाबासाहेब मुख्यदल की लोकल ट्रेन हादसे में मृत्यु हो गई। इस खबर ने उनके गांव में हलचल मचा दी और हर कोई दुख में डूब गया।
हुआ यूं कि सुबह करीब 9 बजे, विकी अपने काम पर जाने के लिए मुंबई की लोकल ट्रेन में सवार थे। मुंब्रा और दीवा स्टेशनों के बीच उनकी ट्रेन का सामना दूसरी लोकल ट्रेन से हुआ। दोनों ट्रेनों के दरवाजे पर लटके यात्रियों के बीच टकराव हुआ, जिसके कारण विकी और कुछ अन्य यात्री चलती ट्रेन से नीचे गिर गए। इस हादसे में 6 लोगों की जान चली गई, जिनमें विकी भी शामिल थे।
विकी कौन थे?
5 जून 1992 को जन्मे विकी ने अपनी स्कूली पढ़ाई जुमडा में पूरी की थी। इसके बाद वे मुंबई-ठाणे जीआरपी में शामिल हुए। पांच साल पहले उनका विवाह हुआ था, और उनका एक छोटा बेटा है। उनके परिवार में माता-पिता, पत्नी और दो भाई हैं। विकी अपने हंसमुख स्वभाव और मेहनत के लिए गांव में सबके पसंदीदा थे।
जैसे ही ये दुखद खबर जुमडा पहुंची, गांव में शोक छा गया। लोग कहते हैं, “विकी हमारा गर्व था। उसका इस तरह चले जाना सभी के लिए बड़ा झटका है।” उनका परिवार सदमे में है, और गांववाले उनके छोटे बेटे और परिवार के भविष्य को लेकर चिंतित हैं।
ट्रेनों की सुरक्षा पर सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर मुंबई की लोकल ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं। लोग मांग कर रहे हैं कि ऐसे हादसों को रोकने के लिए जल्द से जल्द कदम उठाए जाएं।
विकी मुख्यदल को हमारी श्रद्धांजलि। उनके परिवार को इस दुख से उबरने की शक्ति मिले।
ये भी पढ़ें: Mumbra Train Tragedy: मुंब्रा ट्रेन हादसा – बैग की टक्कर ने छीनी चार जिंदगियां, कई घायल