मुंबई की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोकल ट्रेनें किसी लाइफलाइन से कम नहीं हैं। इस भीषण गर्मी में मध्य रेलवे ने मुंबईवासियों को एक बड़ी सौगात दी है। 16 अप्रैल से मध्य रेलवे ने 14 नई एसी लोकल ट्रेन सेवाएं शुरू की हैं, जिससे यात्रियों को अब और अधिक सुविधा और राहत मिलेगी।
एसी लोकल ट्रेनों की संख्या में इजाफा
नई सेवाओं के शुरू होने के बाद मुंबई रीजन में एसी लोकल ट्रेनों के फेरे 66 से बढ़कर 80 हो गए हैं। मध्य रेलवे ने एक नया एसी रेक भी शामिल किया है, जो खासकर CSMT से बदलापुर और ठाणे रूट पर चलेगा। ये नई सेवाएं मौजूदा गैर-एसी लोकल ट्रेनों की जगह लेंगी, लेकिन कुल 1810 उपनगरीय सेवाएं बरकरार रहेंगी।
जानकारी हो कि ये एसी लोकल ट्रेनें सोमवार से शनिवार तक नियमित रूप से चलेंगी, जबकि रविवार और छुट्टियों पर पुरानी गैर-एसी ट्रेनें संचालित होंगी।
यात्रियों की बढ़ती संख्या
एसी लोकल ट्रेनों की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। मार्च 2025 में 84,847 यात्रियों ने एसी लोकल से सफर किया, जो इसकी मांग को दर्शाता है। गर्मी के मौसम में ये ट्रेनें यात्रियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं।
नई टाइमिंग्स और रूट्स
यात्रियों की सुविधा के लिए नई टाइमिंग्स तय की गई हैं, जो सुबह से देर रात तक सफर को आसान बनाएंगी। खासकर CSMT-बदलापुर और CSMT-ठाणे रूट पर इन ट्रेनों का संचालन होगा। इस गर्मी में, जब मुंबई में हिट वेव की चेतावनी जारी की गई है, एसी लोकल ट्रेनें रोजाना सफर करने वालों के लिए सुकून और राहत लेकर आएंगी।
मुंबई की लाइफलाइन: लोकल ट्रेन
लोकल ट्रेन को मुंबई की लाइफलाइन कहा जाता है। रोजमर्रा के काम के लिए लाखों लोग इन ट्रेनों पर निर्भर हैं। ऐसे में एसी लोकल ट्रेनों की नई सेवाएं न केवल यात्रियों को गर्मी से राहत देंगी, बल्कि उनके सफर को और भी आरामदायक बनाएंगी।
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र: अब गटर की सफाई करेंगे रोबोट, 100 रोबोट खरीदने की चल रही है तैयारी